बिहार में बंपर नौकरी का मौका
पटना के विकास भवन में हुई एक बड़ी समीक्षा बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने घोषणा की कि 2025 स्वास्थ्य विभाग में नौकरी के लिए यादगार साल होने वाला है। मंत्री जी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में भारी संख्या में वैकेंसी आने वाली है। इसके साथ ही पीएमसीएच के नए भवन का पहला फेज भी अगले साल जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। वहीं, पूरे राज्य में 800 नए अस्पतालों का उद्घाटन करने की योजना भी बनाई गई है, ताकि स्वास्थ्य सुविधाएं हर गांव और कस्बे तक पहुंच सकें।
हर नागरिक तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की तैयारी
बैठक में मंत्री जी ने स्वास्थ्य सेवाओं की क्वालिटी को बेहतर बनाने और योजनाओं को समय पर पूरा करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उनका कहना था कि हर नागरिक तक स्वास्थ्य सेवाओं को सरलता से पहुंचाना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर लगेंगे कैमरे
सर्वाइकल कैंसर के टीकाकरण को समय पर पूरा करने का टारगेट भी निर्धारित किया गया है। मंत्री जी ने बताया कि बिक्रम, मोहनिया और महेशकोट में ट्रॉमा सेंटर बनाने की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि सुरक्षा मानकों को सुधारा जा सके।
बैठक में कौन-कौन थे शामिल?
इस समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग के तमाम बड़े अधिकारी मौजूद थे। अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सचिव संजय सिंह, कार्यपालक निदेशक सुहर्ष भगत और बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक धर्मेंद्र कुमार ने स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पेश की।
तो, अगर आप 2025 में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, तो बिहार में आने वाली इन बड़ी वैकेंसी पर जरूर नजर रखें।